तेलंगाना : केमिकल फैक्ट्री में धमाका, 10 की मौत, कई घायल

विस्फोट के बाद मजदूर फैक्ट्री से बाहर भागते दिखे। विस्फोट की वजह सामने नहीं आई है। धमाके के बाद पूरे कारखाने में आग लग गई।

Vin News Network
Vin News Network
2 Min Read
तेलंगाना : केमिकल फैक्ट्री में धमाका, 10 की मौत, कई घायल

संगारेड्डी : तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में दवा बनाने वाली फैक्ट्री की रिएक्टर यूनिट में विस्फोट से 10 मजदूरों की मौत हो गई। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फायर डिपार्टमेंट के एक अधिकारी ने बताया कि मलबे से पांच मजदूरों के शव बरामद किए गए हैं जबकि 13 मजदूरों का रेस्क्यू किया गया है।

इसके अलावा 20 से ज्यादा मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर फायर ब्रिगेड की 11 गाड़ियां मौजूद हैं। बचाव कार्य जारी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। साथ ही मलबे में कई लोगों के फंसे होने की खबर है। हादसा पाशमिलारम स्थित सिगाची इंडस्ट्रीज में सुबह करीब 9:30 बजे हुआ।

अभी विस्फोट की वजह सामने नहीं आई है। जानकारी के मुताबिक रिएक्टर में अचानक तेजी से केमिकल रिएक्शन होने की वजह से विस्फोट हो सकता है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि वहां काम कर रहे मजदूर करीब 100 मीटर दूर जाकर गिरे। विस्फोट की वजह से रिएक्टर यूनिट तबाह हो गई है। मलबे के नीचे कुछ मजदूरों के दबे होने की आशंका है। आग पर काबू पाने के लिए दो फायर रोबोट और डिजास्टर रिस्पॉन्स यूनिट को भी तैनात किया गया है।

सिगाची इंडस्ट्रीज फार्मास्यूटिकल पाउडर बनाती है। यह साल 1989 से माइक्रोक्रिस्टलाइन सेलुलोज (MCC) बना रही है। यह सफेद रंग का पाउडर होता है। इसमें कोई गंध या स्वाद नहीं होता है।

MCC का उपयोग दवा और कॉस्मेटिक इंडस्ट्री में किया जाता है। सिगाची इंडस्ट्रीज की हैदराबाद समेत पूरे देश में पांच फैक्ट्रियां हैं। कंपनी के प्रोडक्ट 65 से ज्यादा देशों में एक्सपोर्ट किए जाते हैं।

फैक्ट्री में ब्लास्ट के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में सिगाची इंडस्ट्रीज के शेयर में 9.89% की गिरावट आई। तब तक यह 49.72 रुपए प्रति शेयर पर कारोबार कर रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *