लखनऊ : चारबाग जीआरपी को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रेलवे पुलिस ने 15 हजार रुपए के इनामी और बिहार पुलिस की अभिरक्षा से फरार चल रहे अपराधी को हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जालंधर (पंजाब) के गडाईपुर इंडस्ट्रियल एरिया के निवासी धर्मेंद्र कुमार उर्फ माही के रूप में हुई है, जिसे बिहार पुलिस ट्रांजिट पर लेकर जा रही थी लेकिन वह लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर भाग निकला था।
भीड़ का फायदा उठाकर हुआ था फरार
घटना 10 जनवरी 2025 की है। बिहार की बरौनी रिफाइनरी थाना पुलिस एक पुराने मुकदमे में आरोपी धर्मेंद्र को पकड़ने के बाद पंजाब के जालंधर से ट्रेन (15708 आम्रपाली एक्सप्रेस) से बिहार ले जा रही थी। ट्रेन जब सुबह लखनऊ के ऐशबाग स्टेशन पर रुकी, तो पुलिस कर्मी आरोपी को शौच के लिए ले जा रहे थे।
इसी दौरान आरोपी ने यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाया और पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। फरारी के बाद चारबाग जीआरपी ने इस मामले में आईपीसी की धारा 262 के तहत केस दर्ज किया और उसकी तलाश शुरू कर दी।
जीआरपी टीम ने हैदराबाद में पकड़ा
पकड़े जाने के बाद आरोपी को लखनऊ लाने के लिए जीआरपी ने कोर्ट से चार दिन की ट्रांजिट रिमांड ली। प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने पहले जालंधर में उसकी तलाश की, जहां से सूचना मिली कि आरोपी अपने पूरे परिवार के साथ हैदराबाद में रह रहा है। इसके बाद जीआरपी चारबाग और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर हैदराबाद के अजीजनगर चर्च के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
गंभीर धाराओं में आरोपी
धर्मेंद्र उर्फ माही पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बिहार के बरौनी रिफाइनरी थाने में उसके खिलाफ अपहरण और धमकी की धाराओं (366ए/363/506) में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा जालंधर के थाना डिवीजन-8 में भी कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं।
इनाम घोषित कर चुकी थी पुलिस
फरार होने के बाद आरोपी पर 15,000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था। यह इनाम 18 जून 2025 को घोषित किया गया था। आरोपी को अब लखनऊ जेल भेजा गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। गिरफ्तारी में जीआरपी चारबाग के सिपाही संतोष कुमार के साथ ही सर्विलांस टीम के अमित कुमार, सुधीर सिंह और वसीम हाशमी शामिल रहे।