लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में UPPSC द्वारा पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के लिए नव चयनित 494 सहायक अध्यापकों (एल.टी.) एवं 49 प्रवक्ताओं को नियुक्ति-पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर अटल टिंकरिंग लैब व सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आई.सी.टी.) लैब योजना से आच्छादित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को प्रमाण-पत्र प्रदान करने के साथ ही राजकीय इंटर कॉलेजों के 23 मिनी स्टेडियम का शिलान्यास भी किया गया।
क्या बोले योगी आदित्यनाथ ?
योगी आदित्यनाथ ने कहा, हमें पूर्ण विश्वास है कि चयनित सभी शिक्षक गण अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का लाभ वर्तमान पीढ़ी को प्रदान करेंगे। बेसिक शिक्षा परिषद आज नवाचार का केंद्र बना है और इसके बेहतर परिणाम देखने को मिल रहे हैं। आज प्रत्येक क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने, ‘नए भारत’ के ‘नए उत्तर प्रदेश’ के रूप में अपनी एक नई पहचान बनाई है। आज 8 लाख से अधिक नौजवानों को प्रदेश की विभिन्न सेवाओं में सरकारी नियुक्ति-पत्र देकर हमने उन्हें आगे बढ़ाने का काम किया है।