Karwa Chauth : गणेश जी की इस कथा के बिना अधूरा माना जाता है करवा चौथ व्रत, पढ़ें पावन कहानी

Vin News Network
Vin News Network
4 Min Read
करवा चौथ पर गणेश जी की कथा का विशेष महत्व

विन न्यूज़ नेटवर्क। आज करवा चौथ का पावन पर्व मनाया जा रहा है। इस दिन महिलाएं करवा चौथ की कथा जरूर सुनती-सुनाती हैं। करवा चौथ का पर्व सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। आज महिलाएं अपने पति की लंबी आयु, सुखी वैवाहिक जीवन और परिवार की खुशहाली की कामना करते हुए निर्जला व्रत रखे हुए हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, करवा चौथ पर व्रत रखने के साथ कथा सुनना और भगवान गणेश की पूजा करना भी शुभ माना जाता है।

इस अवसर पर गणेश जी और बुढ़िया माई की कथा श्रद्धापूर्वक पढ़ी और सुनी जाती है। मान्यता है कि इस कथा के श्रवण से भगवान गणेश की कृपा प्राप्त होती है और परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है।

गणेश जी और बुढ़िया माई की पावन कथा

पौराणिक लोकमान्यता के अनुसार, प्राचीन समय में एक गांव में अंधी बुढ़िया माई रहती थी। वह अत्यंत गरीब थी, लेकिन भगवान गणेश के प्रति उसकी अटूट श्रद्धा थी। वह प्रतिदिन गणेश जी की पूजा करती और पूरे विश्वास के साथ उनका स्मरण करती थी। उसका एक बेटा था, जिसका विवाह हो चुका था। परिवार आर्थिक तंगी में जीवन व्यतीत कर रहा था।

बुढ़िया माई की भक्ति से प्रसन्न होकर एक दिन भगवान गणेश उसके सामने प्रकट हुए। उन्होंने कहा कि वह अपनी इच्छा के अनुसार कोई भी वरदान मांग सकती है। बुढ़िया माई ने विनम्रता से उत्तर दिया कि उसे समझ नहीं आ रहा कि वह क्या मांगे। तब गणेश जी ने उसे अपने बेटे और बहू से सलाह लेने के लिए कहा।

बेटे ने मांगा धन, बहू ने मांगा संतान सुख

बुढ़िया माई ने अपने बेटे से पूछा तो उसने धन-संपत्ति मांगने की सलाह दी। वहीं, बहू ने पोते की प्राप्ति का वरदान मांगने को कहा। इसके बाद बुढ़िया माई ने पड़ोसियों से भी सलाह ली। उन्होंने कहा कि उसकी आंखों की रोशनी चली गई है, इसलिए उसे भगवान से नेत्र ज्योति मांगनी चाहिए, ताकि वह अपना शेष जीवन सुखपूर्वक बिता सके।

सभी की अलग-अलग सलाह सुनकर बुढ़िया माई असमंजस में पड़ गई। वह सोचने लगी कि ऐसा वरदान क्यों न मांगा जाए, जिससे उसका ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार का कल्याण हो सके।

बुढ़िया माई ने मांगे सभी सुख और सौभाग्य

अगले दिन जब भगवान गणेश दोबारा उसके पास आए, तो बुढ़िया माई ने हाथ जोड़कर कहा, “हे गणराज! यदि आप मुझसे प्रसन्न हैं, तो मुझे नौ करोड़ की माया, निरोगी काया, अमर सुहाग, आंखों में प्रकाश, नाती-पोते और समस्त परिवार के लिए सुख प्रदान करें। अंत में मुझे मोक्ष की प्राप्ति भी दें।”

बुढ़िया माई की बात सुनकर भगवान गणेश मुस्कुराए और बोले कि उसने तो एक ही वरदान में सभी सुख मांग लिए। फिर भी उन्होंने उसकी सभी मनोकामनाएं पूरी करने का आशीर्वाद दिया। गणेश जी की कृपा से बुढ़िया माई को नेत्र ज्योति, सुख-समृद्धि, परिवार का आनंद और अन्य मनोवांछित फल प्राप्त हुए।

करवा चौथ पर कथा सुनने की परंपरा

इस लोककथा के अंत में भगवान गणेश से प्रार्थना की जाती है कि जिस प्रकार उन्होंने बुढ़िया माई पर अपनी कृपा बरसाई, उसी प्रकार सभी भक्तों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें। करवा चौथ पर इस कथा को सुनने-सुनाने की परंपरा श्रद्धा और विश्वास से जुड़ी हुई है।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान गणेश विघ्नों को दूर करने वाले और मंगलकारी देवता हैं। इसलिए करवा चौथ पर उनकी पूजा और कथा का श्रवण करते हुए महिलाएं अपने पति की लंबी आयु, अखंड सौभाग्य और परिवार की खुशहाली की कामना की जाती हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *