विन न्यूज़ नेटवर्क। अजय देवगन की चर्चित क्राइम थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ की तीसरी फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। ‘दृश्यम 3 द कनक्लूजन’ 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। रिलीज से कुछ दिन पहले 27 सितंबर से फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू कर दी गई है। बुकिंग शुरू होते ही फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी देखने को मिल रही है। अजय देवगन भी इन दिनों फिल्म के प्रमोशन में जुटे हैं और इसी सिलसिले में वह टीवी के लोकप्रिय शो में नजर आ रहे हैं।
पहले दिन एडवांस बुकिंग से कितना कारोबार?
सैकनिल्क के मुताबिक, शुरुआती बुकिंग के आंकड़ों में फिल्म ने ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर करीब 2.94 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया है। वहीं, ब्लॉक सीटों को अलग रखने पर एडवांस बुकिंग से करीब 1.24 करोड़ रुपये की कमाई बताई जा रही है। ये आंकड़े बुकिंग शुरू होने के शुरुआती दौर के हैं और आगे इनमें बदलाव हो सकता है। जैसे-जैसे रिलीज की तारीख नजदीक आएगी, टिकट बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।
ओपनिंग डे को लेकर क्या है अनुमान?
फिल्म की पहले दिन की कमाई को लेकर अलग-अलग अनुमान सामने आ रहे हैं। कोईमोई की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ‘दृश्यम 3’ भारत में ओपनिंग डे पर करीब 45 से 50 करोड़ रुपये का कारोबार कर सकती है। हालांकि यह सिर्फ बॉक्स ऑफिस अनुमान है और वास्तविक कलेक्शन फिल्म की टिकट बिक्री, शो की संख्या, दर्शकों की प्रतिक्रिया और अन्य कारकों पर निर्भर करेगा।
गांधी जयंती की छुट्टी का मिल सकता है फायदा
‘दृश्यम 3’ 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती के मौके पर रिलीज हो रही है। छुट्टी के कारण फिल्म को रिलीज के शुरुआती दिनों में दर्शकों की अच्छी संख्या मिलने की संभावना पर नजर है। इसके बाद आने वाले वीकेंड के साथ रिलीज का शुरुआती दौर फिल्म के लिए अहम रहेगा। ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्मों को मिले दर्शक समर्थन के चलते तीसरे पार्ट को लेकर भी काफी चर्चा है।
‘दृश्यम’ के दोनों पार्ट ने की थी अच्छी कमाई
सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, 2015 में आई ‘दृश्यम’ ने भारत में करीब 90.63 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था और इसका वर्ल्डवाइड कारोबार करीब 110.40 करोड़ रुपये बताया गया था। वहीं 2022 में रिलीज हुई ‘दृश्यम 2’ ने पहले दिन करीब 15.38 करोड़ रुपये कमाए थे। फिल्म का इंडिया नेट कलेक्शन करीब 239.67 करोड़ और वर्ल्डवाइड कारोबार करीब 342.31 करोड़ रुपये रहा था।
फिर साथ नजर आएगा सालगांवकर परिवार
‘दृश्यम 3’ में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ श्रिया सरन और इशिता दत्ता भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म में कलाकारों की वापसी के साथ कहानी को आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं फिल्म में अक्षय खन्ना की जगह जयदीप अहलावत के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। अब देखना होगा कि सिनेमाघरों में फिल्म को दर्शकों का कैसा रिस्पॉन्स मिलता है।