उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक 16 वर्षीय किशोर ने अपने ही बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार घटना रविवार देर रात करीब ढाई बजे की है। मृतक अमित गुप्ता अपनी पत्नी रंजना, तीन वर्षीय बेटे रेयान और गोद ली हुई बेटी रुबिका के साथ कमरे में सो रहे थे। गर्मी के कारण कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। इसी दौरान आरोपी किशोर कमरे में पहुंचा और सो रहे परिवार पर हमला कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी देर रात तक मोबाइल फोन चलाता रहा और परिवार के सो जाने का इंतजार करता रहा।
जांच में पता चला है कि सबसे पहले उसने अपने बड़े भाई अमित गुप्ता पर लोहे की रॉड से हमला किया। इसके बाद हसिया और बांका से उनके सिर और गर्दन पर कई वार किए। शोर सुनकर जब रंजना और मासूम रेयान की नींद खुली तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान कमरे में मौजूद गोद ली बेटी रुबिका की भी नींद खुल गई। आरोपी ने उसे भी निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह कमरे से भागकर अपने दादा हरिलाल गुप्ता के पास पहुंच गई और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बांसगांव पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। तलाशी के दौरान आरोपी घर की छत पर छिपा मिला, जिसे हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रॉड, हसिया और बांका भी बरामद कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने पिता हरिलाल गुप्ता से नाराज था। उसका आरोप था कि परिवार में बड़े भाई अमित और उनके परिवार को अधिक महत्व दिया जाता था। हरिलाल गुप्ता गांव में किराना और अंडे की दुकान चलाते हैं। बताया जा रहा है कि पहले दुकान की जिम्मेदारी आरोपी के पास थी, लेकिन बाद में कोलकाता से लौटे अमित को यह जिम्मेदारी सौंप दी गई। पिता चाहते थे कि किशोर पढ़ाई पर ध्यान दे, जबकि वह कारोबार शुरू करने के लिए पैसों की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर उसके मन में लगातार नाराजगी बढ़ती गई।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी किशोर से पूछताछ जारी है और उसे किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।