एशिया के अरबपतियों की रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, गौतम अडानी ने मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ते हुए एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का स्थान हासिल कर लिया है। अडानी की कुल संपत्ति अब बढ़कर 92.6 बिलियन डॉलर हो गई है, जिससे वे वैश्विक रैंकिंग में 19वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
वहीं मुकेश अंबानी की नेटवर्थ 90.8 बिलियन डॉलर आंकी गई है, जिसके साथ वे एशिया में दूसरे और दुनिया में 20वें स्थान पर खिसक गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, अडानी की संपत्ति में हाल ही में करीब 3.56 बिलियन डॉलर का इजाफा हुआ, जिसने उन्हें यह बढ़त दिलाई।
इस बदलाव की मुख्य वजह शेयर बाजार में आया उतार-चढ़ाव माना जा रहा है। अडानी ग्रुप के शेयरों में तेजी देखी गई है, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में कमजोरी और बाजार की अस्थिरता के कारण अंबानी की संपत्ति में इस साल अब तक लगभग 16.9 बिलियन डॉलर की गिरावट दर्ज की गई है। दूसरी ओर, अडानी ग्रुप ने इस साल अपनी संपत्ति में करीब 8.1 बिलियन डॉलर जोड़े हैं।
इस रैंकिंग के साथ यह साफ होता है कि इंफ्रास्ट्रक्चर और एनर्जी सेक्टर में अडानी ग्रुप की पकड़ लगातार मजबूत हो रही है। वहीं, वैश्विक स्तर पर टेस्ला प्रमुख एलन मस्क 656 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं।