उत्तर प्रदेश में 166 दिनों तक चले विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार राज्य में अब कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता हैं। इससे पहले 27 अक्टूबर 2025 को फ्रीज सूची में करीब 15.44 करोड़ मतदाता दर्ज थे, जिसके मुकाबले लगभग 2.05 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। हालांकि 6 जनवरी को जारी ड्राफ्ट सूची की तुलना में अंतिम सूची में 84 लाख 28 हजार 767 मतदाताओं की वृद्धि भी दर्ज की गई है।
जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525 है। इसके अलावा तृतीय लिंग के 4,206 मतदाता भी सूची में शामिल हैं। 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं की संख्या 17 लाख 63 हजार 360 दर्ज की गई है।
जिलों की बात करें तो मतदाता संख्या में सबसे अधिक वृद्धि प्रयागराज में हुई है, जहां 3 लाख 29 हजार 421 नए मतदाता जुड़े हैं। इसके बाद लखनऊ में 2 लाख 85 हजार 961, बरेली में 2 लाख 57 हजार 920, गाजियाबाद में 2 लाख 43 हजार 666 और जौनपुर में 2 लाख 37 हजार 590 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है।
SIR प्रक्रिया के दौरान 6 जनवरी को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई थी, जिस पर 6 मार्च तक दावे और आपत्तियां ली गईं। इस दौरान 86.69 लाख लोगों ने फॉर्म-6 भरकर नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया, जबकि 3.18 लाख लोगों ने फॉर्म-7 के जरिए नाम हटाने की मांग की। लगभग 1.04 करोड़ मतदाताओं के नामों का पारिवारिक मिलान नहीं हो पाया, जबकि 2.22 करोड़ मतदाता “तार्किक विसंगति” की श्रेणी में पाए गए थे। निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन लोगों का नाम सूची में नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।